औरंगाबाद: बाईपास ओवरब्रिज पर लगा भीषण जाम, गर्मी में तड़पे स्कूली बच्चे और मरीज
औरंगाबाद-डालटेनगंज मार्ग पर बाईपास ओवरब्रिज के पास भीषण जाम से हाहाकार। चिलचिलाती गर्मी में घंटों फंसी रहीं एंबुलेंस और स्कूल बसें।
Updated May 13 2026 02:01 PM
Editor: Panthalassa Team | Location: Aurangabad (Bihar), Bihar, India
औरंगाबाद-डालटेनगंज मार्ग पर स्थित बाईपास ओवरब्रिज जाम का रणक्षेत्र बन गया है। चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी में लोगों को दो-दो घंटे जाम में फंसना पड़ रहा है। कभी-कभी इस जगह पर जाम इतनी ज्यादा बढ़ जाती है कि कई किलोमीटर तक गाड़ियों की लंबी लाइन हो जाती है, जिससे यात्रियों का बुरा हाल हो जाता है।
स्कूल बस से लेकर एम्बुलेंस तक हो जाती है जाम का शिकार
अक्सर देखा जाता है कि ओवर ब्रिज के पास जाम की स्थिति बनने की वजह से स्कूली वाहन और एंबुलेंस फँस जाते हैं, जिसके कारण मरीज समय पर अस्पताल नहीं पहुँच पाते और बच्चे भी समय से घर नहीं जा पाते हैं। ऊपर से औरंगाबाद की गर्मी लोगों की हालत खराब कर देती है। बुधवार को जाम इतनी बढ़ गई थी कि मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस सायरन बजाते रहे, लेकिन ट्रैफिक जाम टस से मस नहीं हुआ। जिसके कारण अभिभावक और परिजनों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा गया।
यह भी पढ़ें:जहां शराबबंदी का कानून बनता है, वहीं मिली शराब की बोतल! सचिवालय के विकास भवन में हड़कंप
मुख्य मार्ग हुआ ठप
औरंगाबाद से डालटेनगंज जाने के लिए और बिहार झारखंड को जोड़ने के लिए यह एकमात्र महत्वपूर्ण रोड है। ट्रैफिक लाइट की सुविधा नहीं होने के कारण, चारों तरफ से आने वाले वाहन के कारण NH-139 इतना भीषण जाम हो गया कि छोटे वाहन से लेकर भारी ट्रकों की लंबी कतारें रामाबांध बस स्टैंड तक पहुँच गईं।
प्रशासनिक निष्क्रियता पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है, लेकिन ट्रैफिक पुलिस की तैनाती और अतिक्रमण हटाने के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है। नो एंट्री के बावजूद भी भारी वाहनों का प्रवेश और सड़क के किनारे लगे बसों का अवैध ठहराव के वजह से जाम की समस्या और बढ़ जाती है।