औरंगाबाद में दोस्त को बचाने नदी में कूदा 17 वर्षीय किशोर, डूबने से हुई मौत
औरंगाबाद में दोस्त की जान बचाने के चक्कर में नदी में डूबने से 17 वर्षीय किशोर की मौत। देव प्रखंड की अदरी नदी से पुलिस ने बरामद किया शव।
Updated Aug 20 2026 12:02 PM
Editor: Panthalassa Team | Location: Aurangabad (Bihar), Bihar, India
बिहार के औरंगाबाद जिले से बेहद दुखद खबर सामने आई है। बुधवार दोपहर एक 17 वर्षीय किशोर की नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान देव प्रखंड के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित बाबू खड़िहा टोला (पासी बीघा) निवासी जुगल रीकियासन के बेटे मनीष कुमार (17 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
दोस्त को बचाने के दौरान हुआ हादसा
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, मनीष अपने कुछ दोस्तों के साथ बुधवार की दोपहर अपने गांव के पास स्थित अदरी नदी में नहाने गया था। इसी दौरान उसका एक दोस्त अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बिना अपनी जान का परवाह किए, मनीष ने उसे बचाने के लिए गहरे पानी में छलांग लगा दी। मनीष ने अपने दोस्त को तो सुरक्षित बचा लिया, लेकिन खुद पानी के तेज बहाव और गहराई में फंस गया और डूब गया।
यह भी पढ़े: टेकारी नदी में डूबने से बुजुर्ग की मौत, 24 घंटे बाद मिला शव
3 घंटे की खोजबीन के बाद गुरुवार सुबह मिला शव
इस घटना की खबर मुफस्सिल थाना को दी गई, जिससे पुलिस और स्थानीय गोताखोर तुरंत मौके पर पहुंचे। लगभग 3 घंटे तक नदी में सघन खोजबीन अभियान चलाया गया, लेकिन बुधवार शाम तक मनीष का कोई सुराग नहीं मिला।
जब गांव के कुछ लोग नदी की तरफ टहलने गए, तो उन्होंने पानी में एक शव तैरता हुआ देखा, जिसकी सूचना तुरंत गांव वालों और पुलिस को दी। इसके बाद शव को स्थानीय लोगों की मदद से नदी से बाहर निकाला गया। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।