बिहार-झारखंड को जोड़ने वाला NH-139 पुल क्षतिग्रस्त, रोज लग रहा कई किलोमीटर लंबा जाम, लोग परेशान
बिहार-झारखंड को जोड़ने वाले NH-139 पर बटाने नदी पुल क्षतिग्रस्त होने से रोज कई किलोमीटर लंबा जाम लग रहा है। मरम्मत जारी है, लेकिन यात्रियों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
Updated Jul 06 2026 04:07 PM
Editor: Panthalassa Team | Location: Aurangabad (Bihar), Bihar, India
Aurangabad Bihar News: बिहार और झारखंड को जोड़ने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग-139 इन दिनों बताने नदी पुल के क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण यातायात संकट से जूझ रहा है। पुल में दरार पड़ जाने के कारण झारखंड से बिहार आने-जाने वाले हजारों यात्री और वाहनों को प्रतिदिन घंटों तक जाम का सामना करना पड़ रहा है।
पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण लंबी दूरी तय कर रहे हैं यात्री
पुल क्षतिग्रस्त हुए महीने बीत चुके हैं लेकिन अब तक इसकी मरम्मत का काम पूरा नहीं हो पाया है जिसकी वजह से झारखंड से बिहार आने वाले भारी वाहन और यात्री बालूगंज और नवीनगर के रास्ते औरंगाबाद आ जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर दिन सुबह से लेकर रात तक पुल के दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लगी रहती है खासकर झारखंड से बिहार आने वाले ट्रक बस और निजी वाहनों के साथ-साथ माल वाहक वाहनों को भी घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ता है जिससे यात्रियों का समय तो बर्बाद हो ही रहा है साथ ही व्यापार और परिवहन व्यवस्था पर भी सीधा असर पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों में बढ़ रही नाराजगी
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पुल की स्थिति लंबे समय से खराब है और जगह-जगह दरारें पड़ चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है प्रतिदिन लगने वाले जाम के कारण स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र नौकरी रोजगार करने वाले लोगों के साथ-साथ मरीजों को अस्पताल ले जाने वाले परिजन और व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हालांकि पुल में मरम्मत का कार्य शुरू हो चुका है लेकिन जब तक इस समस्या का समाधान अस्थायी रूप से नहीं होता है तब तक बिहार-झारखंड के बीच यात्रा करने वाले लोगों को रोजाना लंबे जाम और कठिन सफर का सामना करना पड़ेगा।