Nitish Kumar के बेटे की AI से 'आपत्तिजनक' रील बनाना पड़ा भारी, गया से युवक गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर AI का उपयोग अब कानून की कसौटी पर खरा उतर रहा है। बिहार के गया जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और विधायक मैथिली ठाकुर की तस्वीर का इस्तेमाल करके एक आपत्तिजनक रील बनाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
आखिर मामला क्या है?
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने एआई की मदद से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार और विधायक मैथिली ठाकुर की तस्वीरों का इस्तेमाल करते हुए एक आपत्तिजनक रील बनाई। यह रील सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस में हलचल मच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक की पहचान की। आरोपी युवक का नाम विकास कुमार यादव है, जो गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के शब्दो गांव का निवासी है।
वायरल होने के लिए किया अपराध
पुलिस की पूछताछ के बाद, आरोपी ने खुलासा किया कि वह सोशल मीडिया पर मशहूर होना चाहता था, उसके वीडियो पर कम लाइक और व्यूज आ रहे थे, इसलिए उसने कुछ अलग करने की सनसनीखेज योजना बनाई और सोचा कि इस तरह की रील बनाकर वह जल्दी वायरल हो जाएगा, लेकिन यही बात उसे आज जेल ले आई है।
प्रशासन की चेतावनी
इस घटना के बाद, पुलिस अधिकारियों ने आम जनता और युवाओं को चेतावनी दी है, कि सोशल मीडिया पर किसी भी सार्वजनिक हस्ती या व्यक्ति की छवि को बिगाड़ने के लिए एआई और डिजिटल तकनीक का दुरुपयोग करना एक गंभीर अपराध है, और उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे साइबर अपराधों पर कड़ी नजर रख रहे हैं और उल्लंघन करने वाले को नहीं छोड़ा जाएगा।
