बिहार विभूति डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह की जयंती पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अर्पित की श्रद्धांजलि
पटना में डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह की जयंती पर आयोजित राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित कई मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
Updated Jun 18 2026 01:48 PM
Editor: Panthalassa Team | Location: Patna, Bihar, India
बिहार विभूति स्वर्गीय डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह की जयंती पर गुरुवार को पटना स्थित बिहार विधानमंडल परिसर में राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। जहां पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डॉक्टर अनुग्रह नारायण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शत-शत नमन किया।
इस आयोजित समारोह में सम्राट चौधरी के साथ-साथ बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी सहित राज्य के कई मंत्री, विधायक, विधान पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहां उपस्थित सभी लोगों ने डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।
इस कार्यक्रम में उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन, विज्ञान एवं प्रावैधिकी तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला कुमारी, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता और गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह की जयंती के अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा आरती पूजन, राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान, बिहार गीत तथा देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति भी दी गई, जिससे कार्यक्रम का माहौल श्रद्धा और देशभक्ति से भर गया।