भागलपुर में सनसनी: हॉस्टल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिली NEET छात्रा की लाश, जांच में जुटी पुलिस
Updated Mar 24 2026 06:15 AM
Editor: Panthalassa Team | Location: Bhagalpur, Bihar, India
बिहार के भागलपुर जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा का शव उसके छात्रावास के कमरे में मिला। यह घटना बरारी थाना क्षेत्र के खानजरपुर स्थित एक निजी छात्रावास में घटी। इस घटना के बाद पूरे छात्रावास में सनसनी फैल गई है और मृतक के परिवार वाले गहरे सदमे में हैं।
खबरों के मुताबिक, मृत छात्रा अररिया जिले की निवासी थी और NEET की तैयारी के लिए भागलपुर आई थी। बताया जाता है कि छात्रा उसी दिन अपने माता-पिता के साथ छात्रावास में दाखिल हुई थी। उसे सभी आवश्यक सामान मुहैया कराने के बाद उसका परिवार लौट गया। हालांकि, तीन घंटे बाद उसकी मौत की खबर मिली, जिससे परिवार में व्यापक दहशत फैल गई।
Read: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, 52 वर्षीय वृद्ध की गई जान
हॉस्टल के मालिक ने बताया कि बगल के कमरे में रहने वाले छात्र ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया लेकिन वह नहीं खुला, जिसके बाद पूरे हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गई और जब किसी तरह दरवाजा खुला तो अंदर छात्र का शव देखकर सभी लोग स्तब्ध रह गए।
छात्रा के परिवार वालों का कहना है कि वह हॉस्टल में शिफ्टिंग के वक्त बहुत ही खुश दिख रही थी, लेकिन अचानक ऐसा क्या हुआ, इसका कोई पता नहीं है। इस पूरे घटना की सूचना मिलते हैं, बरारी थाना मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच के बाद मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त कर लिया। शुरुआती जांच में फॉरेंसिक टीम को मोबाइल से कुछ व्हाट्सएप चैट मिली हैं, जिनके आधार पर पुलिस गहन जांच कर रही है।
फिलहाल, पुलिस का कहना है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा।