Bihar Road Accident: पटना-औरंगाबाद नेशनल हाईवे पर हाईवा ने ऑटो को मारी टक्कर, 4 की मौत, 2 घायल
पटना-औरंगाबाद NH-139 पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। हाईवा और ऑटो की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हैं।
Updated Jul 11 2026 11:13 PM
Editor: Panthalassa Team | Location: Arwal, Bihar, India
बिहार के अरवल जिले के पटना-औरंगाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-139) पर शनिवार को फतेहपुर संडा के पास एक तेज रफ्तार हाईवा और ऑटो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं। इस भीषण सड़क हादसे में ऑटो के परखच्चे उड़ गए।
बताया जा रहा है कि इस सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दो अन्य लोगों की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। मृतकों की पहचान परासी थाना क्षेत्र के परासी गांव निवासी राजगीर राम, उनकी पत्नी मनीषा देवी, गुल्ली बीघा निवासी अमरजीत कुमार और सदर थाना क्षेत्र के भदासी गांव निवासी रंजीत राजवंशी के रूप में हुई है।
इस हादसे ने कई हंसते खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। परासी गांव के रहने वाले राजगीर राम अपनी पत्नी मनीषा देवी के साथ बैंक में पैसे निकालने के लिए अरवल आ रहे थे, लेकिन उन्हें क्या पता कि यह उनका आखिरी सफर साबित होगा।
यह भी पढ़े: शौच के लिए गई बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म, खेत में निर्वस्त्र छोड़ा
इस हादसे में घायलों की पहचान मेहंदिया थाना क्षेत्र के वलिदाद निवासी सुनील कुमार और परासी क्षेत्र के बल्लोपुर निवासी ऑटो चालक महेंद्र राम के रूप में हुई है। इन दोनों लोगों का इलाज अरवल के सदर अस्पताल में चल रहा है, जहां डॉक्टर उनकी जान बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
भीषण सड़क हादसे की खबर इलाके में फैलते ही आक्रोश मच गया और स्थानीय लोगों ने NH-139 जाम कर मुआवजा और दोषी ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। यह सड़क जाम करीब एक घंटे तक रहा, जिससे दोनों तरफ से आने जाने वाली गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीर परेशान होते रहे।
यह भी पढ़े: महिला दारोगा के संबंध में पत्नी की मौत, दरभंगा के BDO गिरफ्तार, नेपाल भागने की थी फिराक
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुँचे, उन्होंने ग्रामीणों और पीड़ित परिवार को उचित मुआवज़े और कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाकर शांत कराया, जिसके बाद सड़क जाम हटा दिया गया और यातायात बहाल हो गया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और उन्हें परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद हाइवा चालक मौके से ही गाड़ी छोड़कर फरार हो गया, पुलिस ने हाइवा को ज़ब्त कर लिया है और आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।