औरंगाबाद में वज्रपात से 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत, तीन महीने पहले ही हुई थी शादी

Aurangabad News: ओबरा में धान का बिचड़ा ढोने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तीन महीने पहले ही युवक की शादी हुई थी।

औरंगाबाद में वज्रपात से 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत, तीन महीने पहले ही हुई थी शादी

बिहार के औरंगाबाद जिला में आकाशीय बिजली गिरने से एक 20 वर्षीय मजदूर युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना ओबरा प्रखंड के खुदवां थाना क्षेत्र स्थित कलेन गांव में गुरुवार को घटी है, जिसमें मृतक की पहचान कलेन गांव निवासी श्याम सुंदर पासवान के पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है।


बताया जा रहा है कि प्रिंस गुरुवार को कलेन-चौनाही मार्ग स्थित बधार में धान का बिचड़ा ढोने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदला और आसमान में काले बादल छा गए। तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे प्रिंस पर गिरी, वज्रपात का झटका इतना तेज था कि उसकी मौत मौके पर ही हो गई।

Ads


ग्रामीणों ने बताया कि प्रिंस की शादी महज तीन महीने पहले ही हुई थी। वह चार भाइयों में से सबसे बड़ा था और उसकी एक बहन भी है। वह बेहद गरीब परिवार से आता था और मेहनत मजदूरी करके अपने पूरे परिवार का भरण पोषण करता था, उसकी असमय मौत से नवविवाहिता पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़े: औरंगाबाद में मानव तस्करी और बाल श्रम के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, लोगों को किया जा रहा जागरूक


इस हादसे की सूचना मिलते ही खुदवां थानाध्यक्ष सुशील कुमार, अपर थानाध्यक्ष सूरज कुमार और पुलिस पदाधिकारी अंजली कुमारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया।

Ads


ओबरा के अंचल अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व कर्मचारी को जांच के लिए मौके पर भेजा गया है। सरकारी प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को शीघ्र अनुग्रह सहायता राशि (मुआवजा) उपलब्ध कराने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।