औरंगाबाद में बनारस से पटना जा रही हंसराज बस पलटी, 20 यात्री घायल, चालक समेत तीन की हालत गंभीर

Aurangabad Road Accident: डाल्टनगंज मोड़ के पास बनारस से पटना जा रही हंसराज बस पलटने से 20 यात्री घायल, जबकि चालक समेत 3 की हालत गंभीर है।

औरंगाबाद में बनारस से पटना जा रही हंसराज बस पलटी, 20 यात्री घायल, चालक समेत तीन की हालत गंभीर

बिहार के औरंगाबाद जिले में बुधवार की देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बनारस से झारखंड होते हुए पटना जा रही हंसराज ट्रेवल्स की एक तेज रफ्तार और सवारियों से भरी बस ओवरब्रिज पार कर रही थी, तभी डाल्टेनगंज मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में करीब 20 यात्री घायल हो गए, जिनमें से अधिकतर यात्री औरंगाबाद के रहने वाले हैं।


स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिससे नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा तुरंत अपने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाल कर सदर अस्पताल, औरंगाबाद पहुंचाया।

Ads


तीन लोग गंभीर रूप से घायल

बताया जा रहा है कि हादसे में बस चालक समेत तीन लोगों की हालत काफी नाजुक बनी हुई है, जिससे सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

यह भी पढ़े: औरंगाबाद में 8 साल की बच्ची और ₹30 हजार लेकर प्रेमी संग फरार हुई शादीशुदा महिला, पति ने लगाया फाइनेंस कर्मी पर आरोप


हादसे की खबर मिलते ही सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह और प्रशासनिक टीम सदर अस्पताल पहुंची और अस्पताल उपाधीक्षक डॉक्टर आशुतोष कुमार से घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और डॉक्टरों को समुचित इलाज का निर्देश दिया।

Ads


इन यात्रियों को आई चोटें

इस दुर्घटना में घायलों की पहचान बघोई गांव निवासी महाराणा सिंह, उनकी पत्नी बालमती देवी, मदनपुर के गुलाबबिगहा निवासी राजेश यादव, गया के पथरा निवासी सुनील कुमार, औरंगाबाद के हरिनारायण, पवई भैरोपुर निवासी विजय तिवारी, कृष्णा सोनी, अंबा के धीरज कुमार, अरवल के बेलखारा निवासी सत्या कुमार सिंह, गया के डुमरिया निवासी मुर्तजा अंसारी, नरेश यादव की पत्नी नागेश्वरी देवी, सूरज कुमार सिंह, बबलू कुमार सिंह, भभुआ के बारे गांव निवासी अर्जुन पांडेय और बस चालक बबलू पांडेय के रूप में हुई है।


ट्रक की टक्कर से हादसे की आशंका

घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मोड़ के पास पहले से एक ट्रक खड़ा था और तेज रफ्तार बस को ट्रक ने जोरदार टक्कर मारी, जिससे बस चालक अनियंत्रित हो गया और गाड़ी पलट गई। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।

Ads

यह भी पढ़े: 10वीं की छात्रा हुई लापता, रेलवे ट्रैक पर मिले स्कूल बैग और कपड़े, परिजनों का भारी हंगामा


नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि दुर्घटना के असल कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगा रही है कि हादसे का मुख्य कारण बस का नियंत्रण खोना है या खड़े ट्रक की टक्कर। फरार ट्रक चालक की तलाशी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।