फिरोजाबाद में ₹200 में बच्चों के अश्लील वीडियो बेचने वाला छात्र गिरफ्तार, Google ने भेजी थी रिपोर्ट
Firozabad News: NCMEC के इनपुट पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई। टेलीग्राम पर ग्रुप बनाकर बाल अश्लील वीडियो बेचने वाले BSC के छात्र को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
Updated Jul 12 2026 05:09 AM
Editor: Panthalassa Team | Location: Firozabad, Uttar Pradesh, India
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में पुलिस ने इंटरनेट मीडिया के दुरुपयोग और ऑनलाइन बाल यौन शोषण सामग्री (CSAM) के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की हैं, शनिवार को पुलिस ने टेलीग्राम प्लेटफार्म पर बच्चों से जुड़े अश्लील वीडियो बेचने वाले एक छात्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मैनपुरी चौराहे के पास, ओमनगर निवासी विजय यादव के रूप में हुई है, जो बीएससी का छात्र है।
यह कार्रवाई वैश्विक संस्था 'नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉइटेड चिल्ड्रन' (NCMEC) से मिले इनपुट और तकनीकी जांच के आधार पर की गई है। थाना प्रभारी अनुज कुमार ने बताया कि आरोपी ने टेलीग्राम पर एक ग्रुप बना रखा था, जहां वह लोगों को बाल यौन शोषण से जुड़े अश्लील सामग्री परोस रहा था। वह ग्राहकों को लुभाने के लिए ₹200 में प्रतिबंधित वीडियो उपलब्ध कराता था और इसके भुगतान के लिए वह यूपीआई और अन्य ऑनलाइन डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल कर रहा था।
यह भी पढ़े: बिहार में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, रेड लाइट एरिया में छापेमारी कर 4 नाबालिग समेत 18 हिरासत में
मोबाइल से मिला 10000 से अधिक का डेटा
शनिवार की सुबह पुलिस ने असुआ मोड़ के पास से घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और तलाशी के दौरान उसके मोबाइल फोन से करीब 10000 से अधिक अश्लील वीडियो और कंटेंट बरामद किए गए। इसके साथ पुलिस, ग्राहकों द्वारा किए गए ऑनलाइन भुगतान के पुख्ता तकनीकी सबूत भी मिले हैं।
पुलिस ने आरोपी के पास से अश्लील सामग्री और बिक्री से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। और उसके खिलाफ पोक्सो (POCSO) एक्ट और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम के गंभीर धाराओं के साथ केस दर्ज कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।