फोन कर घर से बुलाया, फिर युवक की हत्या कर तालाब में फेंका शव, इलाके में सनसनी
Muzaffarpur Crime News: 20 वर्षीय युवक की हत्या कर शव को चौदह भंवारी तालाब में फेंक दिया गया। बुधवार को कॉल आने पर वह घर से निकला था। पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी।
Updated Aug 14 2026 02:53 PM
Editor: Panthalassa Team | Location: Muzaffarpur, Bihar, India
मुजफ्फरपुर जिले में एक 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर, शव तालाब में फेंक दिया गया। गुरुवार की दोपहर बगही गांव स्थित तिरहुत मुख्य नहर के चौदह भंवारी तालाब से युवक का शव बरामद हुआ। मृतक के कान, नाक और मुंह से खून बह रहा था। मृतक की पहचान नगर परिषद के वार्ड-17, साढ़ा निवासी देवकांत ओझा के 20 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
खाना खाते वक्त आया था फोन
परिजनों ने बताया कि बिट्टू मुजफ्फरपुर में रहकर काम करता था, और कुछ दिन पहले ही वह शहर से अपने घर आया था। बुधवार को वह खाना खा रहा था, तभी उसके फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया और वह तुरंत खाना छोड़ कर घर से निकल गया। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। इस दौरान उसका मोबाइल फोन लगातार व्यस्त बता रहा था।
यह भी पढ़े: मसाज पार्लर में चल रहे सेक्स रैकेट का पर्दाफाश, पुलिस ने 12 युवतियों को पकड़ा, नाबालिग बरामद
गुरुवार की दोपहर युवक का शव चौदह भंवारी स्थित तालाब में मिलने की खबर परिजनों को मिली, जिसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकाला गया। मृतक के पिता देवकांत ओझा ने इसे सोची-समझी साजिश करार देते हुए, हत्या का आरोप लगाया है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
इस घटना की सूचना मिलते ही एसआई धनंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, और छानबीन शुरू कर दी। साथ ही, फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। मौत के असली कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा, और परिजनों से मिलने वाले लिखित आवेदन के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।