बिहार के कैमूर में सनसनीखेज चौहरा हत्याकांड, भाई ने ही उजाड़ा भाई का पूरा परिवार, सूटकेस में मिले शव
Bihar Kaimur Crime News: बिहार के कैमूर जिले में चौहरा हत्याकांड। छोटे भाई ने साथियों संग मिलकर बड़े भाई के पूरे परिवार की बेरहमी से हत्या कर दी। पढ़ें पूरी खबर।
Updated May 17 2026 01:28 PM
Editor: Panthalassa Team | Location: Kaimur (Bhabua), Bihar, India
कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जहाँ एक छोटे भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने ही बड़े भाई, भाभी, भतीजे और भतीजी की धारदार हथियार से हत्या कर दिया। खौफनाक बात यह है कि हत्या के बाद शवों के टुकड़े-टुकड़े करके बोरियों और सूटकेस में भरकर नदी और नहरों में फेंक दिया।
बोरी और सूटकेस से खुला मौत का राज
इस भयावह साजिश का पर्दाफाश 10 मई को हुआ, जब चौसा-मोहनिया एनएच-319ए पर दुर्गावती नदी में दो सूटकेस में सिर कटे शव मिले और 12 मई को नहर के पुल के नीचे से शरीर के अन्य अंग बरामद किए गए। मामले को गंभीरता से देखते हुए कैमूर पुलिस ने तुरंत एसआईटी (SIT), डॉग स्क्वायड और एफएसएल (FSL) टीम को जांच के लिए लगा दिया।
आंगनबाड़ी की ड्रेस ने पुलिस को दिया सुराग
जांच के दौरान शव के पास एक बच्ची की आंगनबाड़ी ड्रेस मिली, जिससे पता चला कि दडहरक गांव के निवासी कृष्ण मुरारी गुप्ता की बेटी कीर्ति कई दिनों से आंगनबाड़ी नहीं आ रही थी। उसके बाद एसडीपीओ प्रदीप कुमार और एसपी हरिमोहन शुक्ला की मौजूदगी में मृतक के घर का ताला तोड़ा गया, तो अंदर चारों तरफ खून और धारदार हथियार बिखरे देख पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ गए।
मध्य प्रदेश से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस लगातार छापेमारी करते हुए, मोबाइल सर्विलांस के जरिए मुख्य आरोपी भाई विकास कुमार गुप्ता को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में बताया जा रहा है कि मृतक कृष्ण मुरारी गुप्ता का व्यवहार भी विवादित था और उसके ऊपर गंभीर आरोप भी लग चुके थे। वह साल 2020 में अपने साले सूरज गुप्ता की हत्या कर जेल जा चुका था। फिलहाल, पुलिस गोताखोरों की मदद से गायब सिरों की तलाश कर रही है और इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।