सासाराम के मुरादाबाद में जमीनी विवाद में हत्या, पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार किए बरामद
बिहार के रोहतास जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां जमीन विवाद के चलते एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई और उसका शव सड़क किनारे फेंक दिया गया। यह घटना रोहतास के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मुरादाबाद गांव में घटी। मंगलवार को करीब 2.5 कट्ठा जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान हसन रजा खान के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर थे। वे किसी काम से मोटरसाइकिल पर जा रहे थे, तभी पास में बैठे हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और लाठियों व धारदार हथियारों से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में हसन गंभीर रूप से घायल हो गए और वही पर गिर पड़े। डायल 112 की टीम को घटना की सूचना दी गई और वे मौके पर पहुंचे। हसन को सासाराम सदर अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
Read: औरंगाबाद में चैती छठ करने देव जा रहे श्रद्धालुओं को एंबुलेंस ने मारी टक्कर, 25 श्रद्धालु घायल
परिजनों का आरोप और पुलिस की कार्रवाई
मृतक की मां ने कहा कि उनका बेटा परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था, हालांकि उसका किसी के साथ कोई सीधा व्यक्तिगत विवाद नहीं था, लेकिन जमीन की खरीद-बिक्री में शामिल कुछ लोग उसके दुश्मन बन गए थे। पुलिस ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया, जिनमें कुछ महिलाएं भी शामिल थीं। इस मामले के सिलसिले में पुलिस ने मुरादाबाद के एक गैराज पर छापा मारा और दो देसी पिस्तौलें और जिंदा कारतूस बरामद किए। उन्होंने मृतक की क्षतिग्रस्त बाइक भी घटनास्थल से जब्त कर ली।
इस घटना के बाद आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है। और मुफस्सिल थाना अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम कर परिवार वालों को सौंप दिया गया है। और इस मामले की पूरी गहन तरीके से जांच की जा रही है और आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है
