औरंगाबाद से दिल दहला देने वाली ख़बर: नदी में तैरते मिले माँ और दो मासूम बच्चियों के शव, इलाके में सनसनी
Aurangabad News: अरथुआ इंजीनियरिंग कॉलेज के पास धावा नदी में एक महिला और उसकी दो मासूम बेटियों के शव बरामद हुए। घरेलू विवाद के कारण आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
Updated Jun 25 2026 05:15 AM
Editor: Panthalassa Team | Location: Aurangabad (Bihar), Bihar, India
औरंगाबाद जिला के रफीगंज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक मां के साथ दो बेटियों का शव धावा नदी में तैरता मिला है। यह घटना अरथुआ इंजीनियरिंग कॉलेज के पास बुधवार सुबह की है। रफीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया है। इस दुख भरी घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पारिवारिक विवाद से आत्महत्या करने की आशंका
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान अरथुआ गाँव निवासी टुन्नू रवानी की 30 वर्षीय पत्नी सोनिया देवी, उनकी 4 वर्षीय पुत्री रानी कुमारी और 3 वर्षीय पुत्री सुहानी कुमारी के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि इस परिवार में काफी समय से घरेलू तनाव चल रहा था। मंगलवार के रात ही इन दोनों पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी से तंग आकर आशंका जताई जा रही है कि सोनिया देवी देर रात अपने दोनों मासूम बेटियों के साथ धावा नदी में कूदकर जान दे दी। हालांकि, पुलिस इस आत्महत्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
यह भी पढ़े: कलयुगी पिता ने पत्नी और 3 बच्चों को नहर में फेंका, तीनों मासूमों की मौत, पत्नी ने तैरकर बचाई जान
छानबीन में जुटी पुलिस
ग्रामीणों बुधवार की सुबह टहलने के लिए निकले, तो उन्होंने नदी में शव को तैरते देखा, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते वहां पर भारी भीड़ जमा हो गई। इस घटना की सूचना तुरंत रफीगंज थाना को दी गई, जिससे पुलिस प्रशासन और अंचल अधिकारी अपने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों शवों को नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने शुरुआती जांच में इसे डूबने से मौत का मामला बताया, लेकिन मौत का असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल हो पाएगा।
विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने जताया दुख
रफीगंज के विधायक प्रमोद कुमार सिंह भी इस दर्दनाक हादसे की खबर सुनते ही घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रशासन से मांग की है कि अगर यह मामला घरेलू प्रताड़ना या किसी अन्य साज़िश से जुड़ा है, तो इसकी जांच गहन तरीके से होनी चाहिए, ताकि दोषियों को सख्त सजा मिल सके।