कलयुगी पिता ने पत्नी और 3 बच्चों को नहर में फेंका, तीनों मासूमों की मौत, पत्नी ने तैरकर बचाई जान
Paschim Champaran News: चनपटिया में पारिवारिक कलह के कारण पिता ने पत्नी और 3 मासूम बच्चों को नहर में फेंका। तीनों बच्चों की मौत, आरोपी रामबाबू यादव गिरफ्तार।
Updated Jun 24 2026 06:24 AM
Editor: Panthalassa Team | Location: West Champaran, Bihar, India
बिहार के चंपारण जिले में एक कलयुगी पिता ने अपने ही तीन मासूम बच्चों और पत्नी को गहरी नहर में फेंक दिया, जिससे तीन बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि महिला किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली। यह रूहकंपा देने वाली दर्दनाक घटना चनपटिया थाना क्षेत्र के लोहियरिया पुल के पास की हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मायके छोड़ने के बहाने रचा साजिश
पीड़ित महिला ललिता देवी ने बताया कि रामबाबू यादव ने मायके पहुंचाने के लिए मंगलवार को करीब 3:00 बजे बाइक पर बैठाकर ले जा रहा था, लेकिन बेतिया-मैनाटाड़ मुख्य मार्ग पर स्थित लोहियरिया पुल पर उसने अचानक गाड़ी रोक दी। फिर ललिता देवी के साथ तीनों बच्चों को एक-एक कर नहर में फेंक दिया। बताया जा रहा है कि पति अक्सर अपनी पत्नी से झगड़ा करता रहता था। बीते दो दिन पहले ही इन दोनों के बीच विवाद हुआ था। मृतकों की पहचान 7 माह की प्रियांशी, 4 वर्षीय अंशु और 6 वर्षीय रितेश के रूप में हुई है।
8 घंटे तक भटकती रही माँ
नहर से किसी तरह तैरकर ललिता सुरक्षित बाहर निकली और तीखी धूप और भीषण गर्मी की परवाह किए बिना 12 किलोमीटर पैदल चलकर नहर के किनारे अपने बच्चों की तलाश करती रही। करीब 8 घंटे बाद वह अपने मायके मझौलिया प्रखंड की गढ़वा हरपुर पंचायत स्थित बिरवा गांव पहुंची और परिजनों से आपबीती सुनाई। इसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस अपने टीम के साथ मौके पर पहुंची और तीनों शवों को शाम तक नहर से बाहर निकाला।
पत्नी ने ही बच्चों को नहर में फेंका
बताया जा रहा है कि आरोपी अपने मुंह को गमछा से बांधकर घटनास्थल के आसपास घूम रहा था, जिसे मायके वालों ने पहचान लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने जब इससे पूछताछ की तो उसने आरोपों को गलत बताते हुए अपनी पत्नी पर ही बच्चों को नहर में फेंकने का आरोप लगा दिया। एसडीपीओ-1 अजीत कुमार के अनुसार, मामले को गंभीरता से देखते हुए गहन जांच कि जा रही है और आवेदन मिलने के बाद कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।