बाबाजी ‘मेरी जवानी या बेडरूम के सपने मत देखो' कंगना रनौत का बाबा रामदेव पर तीखा पलटवार
Kangana Ranaut Baba Ramdev Controversy: बाबा रामदेव द्वारा 'गटर जेनरेशन' बयान पर सवाल उठाने के बाद बीजेपी सांसद कंगना रनौत की पलटवार, कहा कि 'बाबाजी मेरी जवानी या बेडरूम के सपने मत देखो'।
Updated Aug 20 2026 01:59 PM
Editor: Panthalassa Team | Location: Delhi, India
Kangana Ranaut Statement on Ramdev: छात्र आंदोलन के दौरान भारतीय जनता पार्टी की सांसद व भारतीय अभिनेत्री कंगना रनौत द्वारा Gen-Z (युवा पीढ़ी) को दिए गए विवादित बयान को लेकर योग गुरु बाबा रामदेव ने भी टिप्पणी दी, जिसके बाद अब अभिनेत्री ने पलटवार किया है। कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए बाबा रामदेव को करारा जवाब दिया है।
चरित्र पर सबक मत दीजिए
बाबा रामदेव पर निशाना साधते हुए कंगना रनौत ने लिखा, "बाबा जी, मेरी जवानी या बेडरूम के बारे में दिन में सपने मत देखो। कोई सिर्फ अफवाहों और गॉसिप के आधार पर अंदाजा लगा सकता है।"
कंगना ने आगे पतंजलि के भ्रामक विज्ञापनों वाले मामले का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें कभी सुप्रीम कोर्ट की ओर से झूठे या भ्रामक दावों को लेकर फटकार नहीं लगी है। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, "इसलिए मुझे कैरेक्टर का सबक मत दो। आपसे तो बहुत ज्यादा बेहतर है मेरा कैरेक्टर।"
यह भी पढ़े: छात्र आंदोलन को कैसे संभाले सरकार? किरण बेदी ने PM Modi और Amit Shah को दी यह सलाह
यह विवाद कब से शुरू हुआ
यह विवाद कंगना रनौत द्वारा छात्र आंदोलन के दौरान दी गई टिप्पणी से शुरू हुआ था, जिसमें वह जुलाई में सोशल मीडिया के एक पोस्ट के माध्यम से प्रदर्शन में शामिल हुए युवाओं को 'गटर जनरेशन' कहा था। हालाँकि कंगना ने तीखी प्रतिक्रियाओं के बाद यह स्पष्ट किया कि उनका बयान पूरी तरह Gen-Z के लिए नहीं था, बल्कि उन लोगों के लिए था जिन्होंने प्रदर्शन के दौरान मर्यादा लांघी थी।
इस बयान के बाद बाबा रामदेव ने एक निजी न्यूज चैनल को दिए गए इंटरव्यू में कंगना के बयान की आलोचना की, जहां रामदेव ने कहा कि युवा देश का भविष्य है, उन्हें 'गटर' कहना बिगड़े हुए दिमाग की निशानी है। उन्होंने आगे कंगना के बचपन, जवानी और पुराने बयानों का जिक्र करते हुए कहा था कि भाजपा को ऐसे बयानों पर संज्ञान लेना चाहिए। इसी जुबानी जंग के बाद दोनों हस्तियों के बीच सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है।