दहेज प्रताड़ना से तंग आकर 19 वर्षीय विवाहिता ने की आत्महत्या, ससुराल पक्ष फरार
Aurangabad Crime News: दहेज प्रताड़ना के चलते 19 वर्षीय कंचन कुमारी ने फांसी लगाकर दी जान पिता।ने पति और सास-ससुर पर हत्या का आरोप लगाया है। पूरी खबर पढ़ें।
Updated May 19 2026 01:36 PM
Editor: Panthalassa Team | Location: Aurangabad (Bihar), Bihar, India
Bihar Crime News: बिहार के औरंगाबाद जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां हसपुरा थाना क्षेत्र के मौआरी गांव में शादी के महज एक साल बाद 19 वर्षीय विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
क्या है पूरा मामला?
मृतका की पहचान अरवल जिला के भदासी गांव निवासी राजेश राजवंशी की पुत्री कंचन कुमारी के रूप में हुई है। कंचन के पिता ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी पिछले साल 12 मई को मौआरी गांव निवासी विजेंद्र राजवंशी के बेटे आकाश राजवंशी से की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुर विजेंद्र, सास मालती देवी, ननद दौलती कुमारी और दामाद आकाश उसे दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित और मारपीट करते थे।
Read: ओबरा में 4 वर्षीय मासूम का अपहरण, जांच के लिए SIT गठित
जानकारी के अनुसार कंचन शनिवार को वट सावित्री पूजा करने के लिए अपने पति से एक साड़ी लाने को कहा था, लेकिन पति ने साड़ी लाने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई, जिसके बाद गुस्से में पति घर से बाहर चला गया और कंचन ने घर के एक कमरे में जाकर फांसी लगा ली और अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
पुलिसिया कार्रवाई और पिता का आरोप
इस घटना की सूचना मिलते ही हसपुरा थानाध्यक्ष दिनेश कुमार अपने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया। पुलिस के अनुसार यह मामला पारिवारिक कलह और आत्महत्या लग रहा है, लेकिन मृतका के पिता द्वारा थाने में शिकायत दर्ज के अनुसार सीधा आरोप है कि दहेज के लिए उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस ने कांड संख्या 152/26 दर्ज कर ली है। जिसमें पति, सास, ससुर और ननद समेत 4 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहराई से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी हैं।