बछवाड़ा में युवती को इलाज के बहाने समस्तीपुर ले जाकर होटल में बनाया बंधक, दो आरोपी गिरफ्तार
बेगूसराय के बछवाड़ा में एक युवती को दांत दर्द के इलाज के बहाने समस्तीपुर ले जाकर बंधक बनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है।
Updated May 28 2026 05:43 PM
Editor: Panthalassa Team | Location: Begusarai, Bihar, India
बिहार के बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां पर एक युवती को दांत दर्द का इलाज कराने के बहाने समस्तीपुर ले जाकर होटल में बंधक बनाकर रखा गया था। मामला सामने आते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।
दांत इलाज के बहाने समस्तीपुर ले गई पड़ोसी महिला
परिजनों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार पड़ोस में रहने वाली पिंकी देवी युवती को दांत दर्द का इलाज कराने के नाम पर अपने साथ समस्तीपुर ले गई थी। इसके बाद दोनों दलसिंहसराय पहुंचे, जहां पहले से दो युवक मौजूद थे, जिसके बाद एक होटल का कमरा लिया गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि युवती को मामला कुछ गड़बड़ लगा तो उसने इसका विरोध किया। तब आरोपियों ने उसे गांव में बदनाम करने की धमकी दी और उसे जबरन कमरे में बंधक बनाकर रखा।
यह भी पढ़ें:बिहार के औरंगाबाद में कलयुगी पिता ने की 13 वर्षीय बेटे की पीट-पीटकर हत्या, सौतेली मां हिरासत मे
घर पहुंचकर आरोपी ने दी धमकी
युवती किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भाग कर अपने घर पहुंची। इसके बाद घटना की पूरी जानकारी अपने नाना-नानी और परिवार वालों को दी। घटना की खबर सुनते ही परिवार वालों में हड़कंप मच गया। आरोपी सन्नी चौधरी इतने पर भी नहीं माना बल्कि उसके घर पहुंचकर परिवार वालों को धमकाने लगा। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिसके बाद पूरा गांव मौके पर जमा हो गया और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए पिंकी देवी और सन्नी चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, एक अन्य आरोपी सूरज कुमार मौके से फरार हो गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। युवती के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: औरंगाबाद में ओझा-डायन के शक में दोहरी हत्या, 5 दोषियों को उम्रकैद, कोर्ट का बड़ा फैसला