बिहार के औरंगाबाद में कलयुगी पिता ने की 13 वर्षीय बेटे की पीट-पीटकर हत्या, सौतेली मां हिरासत में
Aurangabad Crime News: सौतेली मां से विवाद के बाद पिता ने 13 वर्षीय मासूम बेटे की पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव को साइकिल पर लेकर फरार हो गया। पुलिस जांच में जुटी।
Updated May 28 2026 03:43 PM
Editor: Panthalassa Team | Location: Aurangabad (Bihar), Bihar, India
Bihar Crime News: औरंगाबाद जिले के उपहारा गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां अपने ही कलयुगी पिता ने 13 वर्षीय मासूम बेटे की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह घटना दोपहर करीब 12:00 बजे की बताई जा रही है। इस खौफनाक घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी का माहौल है।
सौतेली मां से हुआ था विवाद
ग्रामीणों के अनुसार बताया जा रहा है कि मृतक किशोर का विवाद उसकी अपनी सौतेली मां मंजू देवी से हो गया था। इस विवाद की जानकारी मिलने के बाद मृतक का पिता राजेश चौधरी उर्फ मुंगड़ी चौधरी घर पहुंचा और उसने गुस्से में बेटे की पिटाई कर दी। मारपीट इतनी भयानक थी कि मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान उपहारा गांव निवासी राजेश चौधरी का पुत्र केसरिया के रूप में हुई है।
साइकिल पर शव लादकर भागा आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता पुलिस और ग्रामीणों के डर से बेटे की लाश को साइकिल पर लादकर गांव से फरार हो गया। इस खौफनाक मंजर को देख गांव वालों ने तुरंत उपहारा थाना पुलिस को सूचना दी, जिससे पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए सौतेली मां को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष आकाश कुमार के अनुसार, फरार आरोपी पिता और शव की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
यह भी पढ़े: औरंगाबाद में दो छात्राएं लापता, 20 मई से नहीं लौटीं घर, परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका
ग्रामीणों ने बताया कि राजेश चौधरी की पहली पत्नी की मौत हो जाने के बाद उसने अपनी ही साली मंजू देवी से विवाह किया था, जिससे घर में सौतेली मां और बेटे के बीच अक्सर लड़ाई-झगड़े होते रहते थे। लेकिन इसका अंत इतने खौफनाक अंजाम से होगा, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। फिलहाल गांव में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है।