मोकामा गैंगवार: अनंत सिंह के करीबी पर सोनू-मोनू गैंग ने की फायरिंग, पुलिस की ली तलाशी
Bihar Crime News: बिहार में एक बार फिर गैंगवार भड़का। अनंत सिंह के करीबी मुकेश कुमार पर सोनू-मोनू गैंग ने की फायरिंग। छापेमारी करने पहुंची पुलिस की ली गई तलाशी। पढ़ें पूरी खबर।
Updated May 24 2026 12:28 PM
Editor: Panthalassa Team | Location: Mokama
Mokama Gangwar: मोकामा में एक बार फिर बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह और कुख्यात सोनू मोनू गैंग के बीच संघर्ष और गैंगवार का मामला सामने आया है। इसमें अनंत सिंह के करीबी सरपंच मुकेश कुमार पर सोनू मोनू गैंग द्वारा फायरिंग की गई है, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
फेसबुक पोस्ट बना विवाद की वजह
जानकारी के मुताबिक यह मामला 22 मई को मुकेश कुमार द्वारा फेसबुक पर लिखी गई स्थानीय पुलिस और थाना प्रभारी की तारीफ से शुरू हुआ था। इस पोस्ट पर आपत्ति जताते हुए सोनू मोनू गैंग के पिता प्रमोद सिंह ने इसे हटाने को कहा, लेकिन मुकेश ने मना कर दिया, जिससे दोनों ओर से बहस छिड़ गई। इसके बाद प्रमोद सिंह ने अपने दोनों बेटों सोनू मोनू को गैंग के साथ बुला लिया और मुकेश कुमार पर फायरिंग कर दी। हालांकि, इस फायरिंग से मुकेश बाल-बाल बच गए। यह घटना पंचमहला थाना क्षेत्र के नौरंगा जलालपुर गांव की है।
Read: बेगूसराय में पूर्व JDU विधायक राजकुमार सिंह की आपत्तिजनक फोटो वायरल, RJD विधायक के नाम से बनी ID पर FIR
पुलिस की तलाशी और आरोपियों का फरार होना
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस आरोपियों के घर छापेमारी करने पहुंची, लेकिन वहां घर की महिलाओं ने करीब आधे घंटे तक पुलिस को रोक रखा। इसी बीच गैंग के समर्थकों ने घर में घुसने से पहले ही थाना अध्यक्ष समेत पुलिसकर्मियों की तलाशी ले डाली। इसी का फायदा उठाकर सोनू मोनू अपने घर के पीछे के दरवाजे से फरार हो गए।
पुराना है दुश्मनी का इतिहास
इन दोनों गैंगवारो की लड़ाई नई नहीं है, इससे पहले जनवरी 2025 में भी नौरंगा गोलीकांड हुआ था, जिसमें दोनों तरफ से करीब 100 राउंड फायरिंग हुई थी। एसडीपीओ रामकृष्णा ने बताया कि इस घटना के संबंध में एफआईआर (प्राथमिकी) दर्ज कर ली है। फ़िलहाल इलाके में शांति बनाए रखने और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए हाथीदह, मरांची और पंचमहला थानों की पुलिस लगातार छापेमारी कर रही हैं।