शौच के लिए निकले 17 वर्षीय किशोर की पीट-पीटकर हत्या, नहर किनारे मिला शव

बिहार के औरंगाबाद से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 17 वर्षीय किशोर की पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। जांच में जुटी पुलिस और FSL की टीम।

शौच के लिए निकले 17 वर्षीय किशोर की पीट-पीटकर हत्या, नहर किनारे मिला शव

Aurangabad Crime News: बिहार के औरंगाबाद जिले में एक 17 साल के नाबालिग लड़के की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। यह घटना रफीगंज थाना क्षेत्र के अदलपुर गांव की है। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान अदलपुर गांव निवासी अमरेश दास के पुत्र रितीश कुमार के रूप में हुई है। 


शौच के दौरान बांस के टुकड़ों से हमला

मिली जानकारी के अनुसार, रितीश शुक्रवार की सुबह शौच के लिए बाहर निकला था। तभी पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे तब तक पीटा, जब तक उसकी जान नहीं चली गई। जब गांव के कुछ लोग सुबह नहर की तरफ गए, तो उन्होंने खून से लथपथ रितीश का शव देखा। इसके बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई। शव के पास ही दो बांस के टुकड़े मिले, जिससे यह साफ अंदाजा लगाया गया कि उसकी बांस से मार-मारकर हत्या कर दी गई है। अपने युवा बेटे का शव देखकर परिवार और माता-पिता सदमे मे है।

Ads


आपसी रंजिश की आशंका 

शुरुआती जांच और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इस खौफनाक वारदात को अंजाम पुरानी दुश्मनी को लेकर दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतक के परिवार वालों का गांव के ही कुछ लोगों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। परिजनों ने कुछ लोगों के नाम भी बताए हैं, जिन पर उन्हें हत्या का शक है।


जांच में जुटी पुलिस और FSL टीम

इस खौफनाक घटना की सूचना मिलते ही रफीगंज थानाध्यक्ष शंभू कुमार अपने पुलिस बल और FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य (सबूत) इकट्ठा किए हैं। रफीगंज थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।

Ads