Aurangabad Dev Chaiti Chhath 2026: औरंगाबाद में पहली बार बना टेंट सिटी, श्रद्धालुओं के लिए खास व्यवस्था
Mar 23 2026 07:08 am
Editor: Admin | Location: Deo, Aurangabad (Bihar), Bihar, India
देव के ऐतिहासिक और धार्मिक नगर में आयोजित होने वाले चैत्र छठ मेला 2026 के लिए जिला प्रशासन ने बेहतरीन तैयारियां की हैं। इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला पदाधिकारी अभिलाश शर्मा ने देव में पहली बार एक भव्य टेंट सिटी का निर्माण कराया है।
यह टेंट सिटी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है और सूर्य कुंड स्थित जीवा बीघा मोड़ के पास बनाई गई है। इसका मुख्य उद्देश्य दूर-दूर से आने वाले छठ श्रद्धालुओं को सुविधाजनक, स्वच्छ और आरामदायक आवास प्रदान करना है ताकि वे भगवान भास्कर की बेहतर तरीके से पूजा कर सकें।
टेंट सिटी में ये है खास सुविधाएं
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए, टेंट सिटी में विशेष व्यवस्था की गई है, जिसमें ठहरने के लिए फोल्डिंग बेड, गद्दा, बेडशीट और तकिया उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा, परिसर में शुद्ध पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और आधुनिक शौचालय होंगे। सुरक्षा और स्वच्छता के लिए, सुरक्षा बल और सफाईकर्मी 24 घंटे पूरे परिसर में तैनात रहेंगे।
Read: चैती छठ की तैयारियों का जायजा लेने देव पहुंचीं डीएम, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
डीएम अभिलाषा शर्मा का निर्देश
देव मेला क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस अधिकारियों, मजिस्ट्रेटों और पुलिस बल को तैनात किया गया है। जिला पदाधिकारी अभिलाश शर्मा ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सेवा और सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, संबंधित विभागों के अधिकारियों के माध्यम से नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से इन सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाने और मेले के शांतिपूर्ण आयोजन में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। जिला प्रशासन ने कहा कि देव चैती छठ मेला 2026 के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर निगरानी की जा रही है।
