देव-मदनपुर पथ पर ट्रैक्टर की टक्कर से किशोर की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
बिहार के औरंगाबाद जिले के मदनपुर में भीषण सड़क हादसा। देव-मदनपुर पथ पर दो बाइक सवार युवकों को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर। एक की मौत। एक घायल।
Updated May 25 2026 01:03 PM
Editor: Panthalassa Team | Location: Aurangabad (Bihar), Bihar, India
Aurangabad Road Accident: औरंगाबाद जिले के देव-मदनपुर पथ पर चेड़ीस्थान के पास अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो युवकों को मारी जोरदार टक्कर। इस बेहद दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है।
शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था किशोर
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक पर सवार होकर अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए प्रसिद्ध उमंगा मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान चेड़ीस्थान के पास आ रहे ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क से काफी दूर जाकर गिरे। मृतक किशोर की पहचान अंबा थाना क्षेत्र के आजाद बिगहा गांव निवासी देवमुना भुइयां के पुत्र ओम प्रकाश कुमार के रूप में हुई है, वहीं घायल युवक की पहचान उसी गांव निवासी चनारिक भुइयां के पुत्र रवि कुमार के रूप में की गई है।
यह भी पढ़े: पटना के होटल में परीक्षा देने आई छात्रा से दरिंदगी की कोशिश, होटल में चल रही थी शराब पार्टी
अस्पताल में घोषित किया मृत, पुलिस कार्रवाई जारी
इस घटना की सूचना मदनपुर थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद वह मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर पहुंचाया। इसमें ओम प्रकाश कुमार को डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरा युवक रवि का इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस मामले को त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और आगे की क़ानूनी कार्रवाई कर रही है। इस हादसे के बाद, मृतक के परिवार वालों का हाल रो-रोकर बुरा है।