Oregon Horse Abuse Case: ट्रक से घोड़े को घसीटने के आरोप में महिला गिरफ्तार, गंभीर चोटों के बाद देनी पड़ी इच्छामृत्यु
अमेरिका के ओरेगन में एक महिला पर घोड़े को ट्रक से बांधकर घसीटने का आरोप लगा है। गंभीर चोटों के चलते घोड़े को इच्छामृत्यु देनी पड़ी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
Updated Jun 17 2026 02:33 PM
Editor: Panthalassa Team | Location: Oregon, United States of America (USA)
अमेरिका के ओरेगन राज्य के कोलंबिया काउंटी से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। जहां 67 वर्षीय एक महिला ने अपने घोड़े को ट्रक से बांधकर काफी दूरी तक घसीटा जिसकी वजह से घोड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। घोड़े की हालत इतनी गंभीर हो गई थी कि पशु चिकित्सकों के पास उसकी जान बचाने का कोई विकल्प नहीं बचा था। जिसकी वजह से उसे इच्छामृत्यु (Euthanasia) देनी पड़ी।
इलाज के दौरान महिला की कहानी पर हुआ संदेह
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, मैरी वेस्टलिंड नामक महिला अपने घोड़े डोमिंगो को जून के शुरुआती दिनों में इलाज करने के लिए पशु चिकित्सक के पास लेकर गई थी। महिला ने बताया कि घोड़ा दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
घोड़े की बुरी हालत देखकर पशु चिकित्सक को महिला द्वारा दी गई जानकारी पर संदेह हुआ। जिसके बाद जांच के दौरान घोड़े के खुर बुरी तरह घिसे हुए पाए गए और उसके शरीर पर इतने गहरे घाव थे कि वे त्वचा, मांसपेशियों और हड्डियों तक पहुंच गए थे।
पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया दुर्घटना
जांच के दौरान पुलिस महिला के घर पहुंचकर उससे पूछताछ की तो महिला ने बताया कि उसके घोड़े डोमिंगो के साथ जो कुछ भी हुआ वह एक दुर्घटना थी। हालांकि पुलिस ने सबूत और गवाहों के बयान के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया है। महिला पर गंभीर पशु उत्पीड़न (Felony Animal Abuse) का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की जा रही है।