औरंगाबाद का नाम बदलकर देव करने की मांग तेज, केताकी बाजार में निकली जागरूकता रैली
औरंगाबाद जिले का नाम बदलकर देव करने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। देव प्रखंड के केताकी बाजार में जागरूकता रैली निकाली गई और संघर्ष मोर्चा की बैठक में 3 जुलाई को प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया।
Updated Jun 02 2026 10:46 AM
Editor: Panthalassa Team | Location: Deo, Aurangabad (Bihar), Bihar, India
देव (औरंगाबाद)। औरंगाबाद जिले का नाम बदलकर देव किए जाने की मांग ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। इस मांग को लेकर रविवार को देव प्रखंड के केताकी बाजार में जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली में जिले का नाम देव करने की मांग के समर्थन में लोगों को जागरूक किया गया।
रैली के बाद शिव मंदिर केताकी में सामाजिक कार्यकर्ता अर्जुन प्रसाद गुप्ता की अध्यक्षता में देव के लिए संघर्ष मोर्चा की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान बताया गया कि 3 जुलाई को जिला मुख्यालय स्थित गांधी मैदान से समाहरणालय तक प्रदर्शन करने और आंदोलन को व्यापक रूप देने का संकल्प लिया गया।
बैठक के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता सिद्धेश्वर विद्यार्थी ने कहा कि बिहार के कई जिलों का नाम उनके ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक महत्व के अनुरूप रखा गया है। उन्होंने कैमूर, रोहतास, भोजपुर, वैशाली, नालंदा जिलों का उदाहरण देते हुए कहा कि औरंगाबाद जिले का सबसे महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थल देव है जिसके नाम पर जिले का नामकरण किया जाना चाहिए।