स्कूल में मासूम छात्रा को कोल्ड ड्रिंक बोलकर पेशाब पिलाने का आरोप, हेडमास्टर गिरफ्तार
Purnia News: प्रधानाध्यापक ने कोल्ड ड्रिंक बोलकर 7 वर्षीय छात्रा को पिलाया पेशाब। ग्रामीणों के हंगामे के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को किया गिरफ्तार। =
Updated May 21 2026 12:11 PM
Editor: Panthalassa Team | Location: Purnia (Purnea), Bihar, India
Bihar School News: बिहार के पूर्णिया जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक हेड मास्टर पर 7 साल की मासूम छात्रा को कोल्ड ड्रिंक के बहाने पेशाब पिलाने का गंभीर आरोप लगा है। यह मामला चंपानगर थाना क्षेत्र के 'कन्या मध्य विद्यालय सिंधिया' का है। सूचना मिलने पर पुलिस ने हेड मास्टर को गिरफ्तार कर लिया है।
रोते हुए घर पहुंची मासूम
दर्ज प्राथमिकी (कांड संख्या-69/2026) के मुताबिक, मासूम रोज की तरह स्कूल गई थी और वह सुबह करीब 9:30 बजे अचानक रोती हुई घर आई। मां को मासूम ने बताया कि हेड मास्टर ने कोल्ड ड्रिंक कहकर बोतल के ढक्कन में पेशाब पिला दिया है। मासूम सिंधिया पंचायत के बजरंग बली टोला की रहने वाली है।
स्कूल में जाकर ग्रामीणों ने किया हंगामा
इस मामले को लेकर परिजनों ने स्कूल में पहुंचकर हेड मास्टर से पूछा, वह उन पर ही उल्टा भड़क उठा। और परिजनों ने जब स्कूल में रखी उस बोतल को सूंघा, तो उसमें पेशाब की तेज दुर्गंध आ रही थी। यह बात जैसे ही पूरे गांव में फैली, तो वहां पर सैकड़ो की भीड़ जमा हो गई और हंगामा शुरू हो गया और आरोपी प्रधानाध्यापक (हेडमास्टर) नंद किशोर राय की जमकर पिटाई कर दी।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सूचना मिलने पर चंपानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सैकड़ों आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बुझाकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बच्ची की मां के बयान के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी शिक्षक नंद किशोर राय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना में इस्तेमाल बोतल को पुलिस ने जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेज दिया है, हालांकि आरोपी शिक्षक ने इन आरोपों को पूरी तरह झूठा बताया है।