दिल्ली झेल रहा दूषित पानी की मार, 15 दिनों से आ रहा सीवर का गंदा पानी
Delhi Water Crisis News: दिल्ली में पानी की गंभीर किल्लत और दूषित जलापूर्ति से लोग हो रहे परेशान। 15 दिनों से नलों में सीवर का बदबूदार पानी आ रहा है, जिससे महामारी का खतरा बढ़ गया है।
Updated Jun 18 2026 04:58 AM
Editor: Panthalassa Team | Location: Delhi, India
भारत की राजधानी में तकनीकी और विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच पश्चिमी दिल्ली का बिंदापुर गांव इन दिनों पानी की गंभीर किल्लत और दूषित जलापूर्ति की दोहरी मार झेल रहा है। यहां के लोग पिछले 15 दिनों से आ रहे बदबूदार पानी से बेहद परेशान हैं, और उनका अब सब्र का बांध टूट रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जो पानी सप्लाई में आ रहा है, वह पानी पीने लायक तो दूर, छूने के लायक भी नहीं है।
3 दिन में एक बार आता है पानी
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस गांव में पानी आपूर्ति का कोई निश्चित समय नहीं है। 3 दिन में बड़ी मुश्किल से एक बार पानी आता है, लेकिन उसका रंग और गंध ऐसी होती है, जिसे देखकर घिन आती है। इस पानी से कपड़ा धोना तो दूर, शौचालय में भी इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी की पाइपलाइन और सीवर लाइन जमीन के नीचे कहीं ना कहीं आपस में मिल रही है।
बिंदापुर गांव निवासी प्रदीप ने कहा कि पानी की पाइपलाइन 6 साल पुरानी है और सीवर लाइन को बिछे अभी 10 साल ही हुए हैं। नई लाइन होने के बावजूद भी पानी में सीवर का कचरा आ रहा है। यह साफ बता रहा है कि नीचे यह दोनों लाइन आपस में मिक्स हो रही है, जिसे ढूंढने में संबंधित विभाग पूरी तरह नाकाम हो रहा है।
जेब पर भारी पड़ रहा मोल का पानी
इस संकट में बिंदापुर गांव के बुजुर्गों ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि दूषित पानी के कारण घरों में लगे वाटर प्यूरीफायर (RO) चोक होकर जवाब दे चुके हैं। ऐसी स्थिति में लोगों को सेहत बचाने के लिए बाजार से पानी खरीदने के अलावा कोई रास्ता नहीं है, लेकिन गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार पीने का पानी रोज कहां से खरीदें यह तो हमारे जेब पर बहुत भारी आर्थिक बोझ बन रहा है।
महामारी का खतरा
गांव के लोगों का कहना है कि यदि दिल्ली जल बोर्ड इस समस्या का समाधान नहीं करता है, तो पूरे इलाके में पीलिया हैजा और टाइफाइड जैसा बहुत ही बड़ी महामारी फैल सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है लीकेज और मिक्सिंग प्वाइंट को ढूंढकर जल्द ठीक किया जाए और बेकसूर जनता को इस धीमे जहर से मुक्ति दिलाई जाए।