त्रिवेंद्रम-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के AC कोच में रतलाम के पास भीषण आग लगी। दिल्ली-मुंबई रूट की 24 ट्रेनें प्रभावित
त्रिवेंद्रम-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के AC कोच में रतलाम के पास भीषण आग लग गई। जिसके बाद RPF और स्टाफ ने 68 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया है, आग लगने की वजह से दिल्ली-मुंबई रूट की 24 ट्रेनें प्रभावित हो गई है।
Updated May 17 2026 12:03 PM
Editor: Panthalassa Team | Location: Ratlam, Madhya Pradesh, India
Rajdhani Express fire: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12431) के एसी कोच में अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना कोटा रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले लूनी रिच्छा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशनों के बीच हुई है।
ट्रेन में आग लगने की खबर मिलते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया और दहशत फैल गई। समय रहते ही सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और जान माल की कोई हानि नहीं हुई है।
गार्ड की सतर्कता से टली बड़ी दुर्घटना
रेलवे अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, जब ट्रेन अपनी रफ्तार से गुजर रही थी, तभी ट्रेन के गार्ड ने पीछे SLR और बी-1 कोच से धुआं और आग की लपटें देखीं, जिसके बाद गार्ड ने इसकी सूचना लोको पायलट को दी, जिसके बाद ट्रेन को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोका गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही आरपीएफ (RPF) के जवान और ऑन बोर्ड रेलवे स्टाफ ने तुरंत महज 15 मिनट के अंदर B1 कोच से सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। इस कोच में कुल 68 यात्री सवार थे, जो सुरक्षित बाहर निकला गया। इसके साथ ही आसपास के अन्य कोचों को भी खाली करवा लिया गया है।
दो दर्जन ट्रेनें प्रभावित, हजारों यात्री परेशान
कोटा रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी सौरभ जैन और रतलाम के डीआरएम, सहित बड़े अधिकारी एंबुलेंस और राहत ट्रेन के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
इस दुर्घटना के बाद दिल्ली मुंबई रेलवे ट्रैक पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जिसके कारण दो दर्जन से अधिक ट्रेनें बाधित रही, जिसके कारण हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
यात्रियों के लिए अगला इंतजाम
जानकारी के अनुसार, सभी यात्रियों को दूसरे कोचों में एडजस्ट करके ट्रेन को कोटा के लिए रवाना किया गया। जली हुई ट्रेन के कोच को कोटा रेलवे स्टेशन पर हटाकर नया कोच जोड़ा जाएगा, जिससे ट्रेन अपनी आगे की यात्रा पूरी क्षमता के साथ तय कर सकेगी।
इसके अलावा, यात्रियों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 139 भी जारी किया गया है ताकि किसी भी परिस्थिति में यात्री इस हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके सहायता ले सकें।
ये ट्रेनें हुईं प्रभावित:
- ट्रेन नंबर 12416 नई दिल्ली इंदौर एक्सप्रेस ट्रेन को सुवासरा स्टेशन पर रोका गया.
- ट्रेन नंबर 12955 मुंबई सेंट्रल जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को विक्रमगढ़ स्टेशन पर रोका गया था.
- ट्रेन नंबर 19037 अवध एक्सप्रेस को रतलाम स्टेशन पर रोका गया है.
- डाउन लाइन की ट्रेन नंबर 22210 मुंबई सेंट्रल दूरंतो एक्सप्रेस को बेरवानिया में रोका गया है.
- ट्रेन नंबर 20945 एकता नगर हजरत निजामुद्दीन सुपरफास्ट एक्सप्रेस को नागदा स्टेशन पर रोका गया है.
- ट्रेन नंबर 01492 हजरत निजामुद्दीन पुणे स्पेशल ट्रेन को नाथू खेड़ी में रोका गया है.
- ट्रेन नंबर 12465 रणथंबोर एक्सप्रेस को उज्जैन स्टेशन पर रोका गया है.
- ऑन डिमांड के रूप में चल रही ट्रेन नंबर 05054 बांद्रा टर्मिनस गोरखपुर स्पेशल ट्रेन को रतलाम में रोका गया है.
- ट्रेन नंबर 19020 हरिद्वार बांद्रा टर्मिनस को गरोठ स्टेशन पर रोका गया है.
- ट्रेन नंबर 20156 नई दिल्ली डॉक्टर अंबेडकर नगर एक्सप्रेस ट्रेन को भवानी मंडी स्टेशन पर रोका गया था.
- ट्रेन नंबर 12937 गांधीधाम हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन को बेरवानिया स्टेशन पर रोका गया है.
- ट्रेन नम्बर 19103 कोटा रतलाम मेमू ट्रेन को बांगरोद में रोका गया है.
- ट्रेन नंबर 61616 कोटा नागदा मेमू ट्रेन को गरोठ स्टेशन पर रोका गया है.
- ट्रेन नंबर 19103 रतलाम कोटा मेमू एक्सप्रेस ट्रेन को रुनखेड़ा स्टेशन पर रोका गया है.