पटना में ईद पर खूनी वारदात: पति ने पत्नी को चाकू से गोदकर मार डाला, घरेलू विवाद बना मौत की वजह
बिहार की राजधानी पटना से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां ईद के शुभ अवसर पर एक परिवार में मातम छाया हुआ है। घरेलू विवाद के चलते एक युवक ने पटना के आलमगंज थाने के पीरबैस मार्केट में अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और सनसनी का माहौल छा गया है।
ईद की खुशियां मातम में बदली
खबरों के मुताबिक, मोहम्मद सोनू और उनकी 24 वर्षीय पत्नी ज़ेबा परवीन के बीच एक मामूली बात पर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर मोहम्मद सोनू ने अपनी पत्नी के पेट, गर्दन और हाथों पर कई बार चाकू से वार किया, जिससे वह गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई। सोनू मौके से फरार हो गया।
मासूम बच्चे ने दी जानकारी
इसी बीच, ज़ेबा परवीन का चार वर्षीय बच्चा अपने पिता को अपराध करने के बाद भागते देख घर से निकलकर पास ही स्थित अपनी मौसी के घर गया और उसे सारी जानकारी दे दी। इसके चलते आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद ईद मातम में बदल गई।
Read: सुपौल में महिला कांस्टेबल की संदिग्ध मौत: बाथरूम में मिला शव, सुसाइड या कुछ और?
बताया जा रहा है कि दोनों की शादी चार साल पहले हुई थी और वे आलमगंज पुलिस थाना क्षेत्र के पीरबैस मार्केट में किराए के मकान में रहते थे।
घटना की सूचना मिलते ही आलमगंज पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी पति सोनू अभी भी फरार है, लेकिन उसके खिलाफ छापेमारी जारी है। हत्यारे की पहचान करने के लिए आसपास के घरों से सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
