औरंगाबाद: राशन लाने के विवाद में पति ने की पत्नी की निर्मम हत्या, रॉड से पीटकर उतारा मौत के घाट

Aurangabad News: पति-पत्नी के बीच राशन को लेकर हुए विवाद में पति ने पत्नी की लोहे की रॉड से हत्या कर दी। आरोपी पति फरार, पुलिस जांच में जुटी।

औरंगाबाद: राशन लाने के विवाद में पति ने की पत्नी की निर्मम हत्या, रॉड से पीटकर उतारा मौत के घाट

बिहार के औरंगाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक पति ने आपसी विवाद के चलते अपनी ही 25 वर्षीय पत्नी की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान कुटुंबा थाना क्षेत्र के दधपा गांव निवासी सनोज मेहता की पत्नी चंचली देवी के रूप में हुई है।


राशन के लिए हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, जन वितरण प्रणाली की दुकान से राशन लाने को लेकर बुधवार की सुबह पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हुई। यह विवाद इतना बढ़ गया कि सनोज मेहता ने आपा खो दिया और अपनी पत्नी के सिर पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चंचली के सिर पर 3 इंच गहरा और दो इंच लंबा घाव हो गया, जिससे अत्यधिक खून बहने लगा।

Ads


यह भी पढ़े: भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 255 लीटर शराब बरामद


घटना के बाद फरार हुआ आरोपी

इस घटना के वक्त घर में मौजूद आरोपी के पिता और भाई भी थे, लेकिन किसी को यह अंदाजा भी नहीं था कि यह झगड़ा इतना भयानक रूप ले लेगा। सनोज मेहता वारदात को अंजाम देने के बाद अपनी पत्नी को मरणासन्न हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया। जब चंचली की सास ने कमरे से बाहर खून बहता देखा, तो वह कमरे में गई, जहां चंचली लहूलुहान हालत में बेसुध पड़ी हुई थी। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


लव मैरिज हुई थी शादी

इन दोनों की शादी करीब 6 साल पहले प्रेम विवाह के जरिए हुई थी। उनकी एक छोटी बच्ची भी है, जो अब अपनी मां के साए से दूर हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इन दोनों पति-पत्नी के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता था, लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा था कि यह झगड़ा हत्या तक पहुंच जाएगा। मृतका मूल रूप से बारुण थाना क्षेत्र के पोखराही गांव की रहने वाली थी।

Ads


यह भी पढ़े: अवैध संबंध के चक्कर में पिता ने 3 बेटियों को उतारा मौत के घाट


पुलिस की कार्रवाई

इस घटना की सूचना कुटुंबा थानाध्यक्ष मो. इमरान अली को दी गई, जिसके बाद वह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और खून से सनी लोहे की रॉड बरामद की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया है। साथ ही मामला दर्ज कर आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।