Aurangabad Road Accident: औरंगाबाद में दूल्हे की कार ने दो युवकों को रौंदा, मौत के बाद NH-139 जाम
कुटुंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-139 पर एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. दूल्हे की कार ने बाइक में टक्कर मारी, जिसके बाद ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया है।
Updated Jun 22 2026 04:38 AM
Editor: Panthalassa Team | Location: Aurangabad (Bihar), Bihar, India
बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार 2 युवकों को रौंदा, जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में कोहराम मच गया है। इस दर्दनाक सड़क हादसा से गुस्साए स्थानीय लोगों ने मुआवजा और कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्य सड़क को जाम कर दिया।
कार ने ली दो मासूम की जान
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान धनीबार गांव निवासी सिकंदर ठाकुर के पुत्र संदीप ठाकुर और रामस्वरूप पासवान के पुत्र राजा कुमार के रूप में हुई हैं। यह भीषण दुर्घटना रविवार की देर रात कुटुंबा थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-139) पर धनीबार गांव के समीप हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक अपनी बाइक से सवार होकर अम्बा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क से दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
शादी समारोह से लौट रही थी दूल्हे की कार
स्थानीय लोगों ने बताया कि स्विफ्ट डिजायर कार किसी शादी समारोह में दूल्हे की गाड़ी के रूप में इस्तेमाल कि जा रही थी। इस घटना को अंजाम देने के बाद, कार चालक मौके से कार लेकर फरार होने में कामयाब रहा। वही दोनों घायलों को आनन-फानन में स्थानीय लोगों और परिजनों ने इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन चोट गंभीर होने की वजह से दोनों युवकों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
एनएच-139 पर लगा लंबा जाम
इस घटना की सूचना कुटुंबा थाना पुलिस को दी गई, जिससे वह अपने टीम के साथ मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया हैं।
वहीं, इस हादसे को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शवों के साथ NH-139 को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे दोनों तरफ से वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतार लग गई। खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और गुस्साए ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाने के प्रयास में जुट गए।