स्कूल जाते समय छात्रा को बाइक पर बैठाया, फिर चाचा और दोस्त ने की हैवानियत
9th Class Student Crime News: छात्रा के साथ चाचा और उसके दोस्त द्वारा दुष्कर्म का मामला सामने आया है। स्कूल जाते समय छात्रा को जबरन बाइक पर बैठाकर आरोपी ले गए थे।
Updated Jul 22 2026 07:28 AM
Editor: Panthalassa Team | Location: Vaishali, Bihar, India
बिहार के वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा के साथ रिश्ते में चाचा लगने वाला एक शख्स ने अपने साथी के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
चाचा ने बाइक से किया अगवा
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता हर दिन की तरह 18 जुलाई की सुबह भी अपने घर से स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन रास्ते में पहले से मौजूद रिश्ते में लगने वाले चाचा ने अपने एक साथी के साथ मिलकर उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया और बहला-फुसलाकर एक सुनसान जगह पर ले गया, जहां दोनों ने मिलकर दुष्कर्म किया और वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़िता को बेसुध हालत में मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
घटना के कुछ समय बाद स्थानीय लोगों की नजर पीड़ित छात्रा पर पड़ी, जहां उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पीड़िता के परिवार वालों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बदहवास स्थिति में मिली छात्रा को संभाला और सीधे पुलिस को घटना की जानकारी दी।
यह भी पढ़े: फंदे से लटका मिला महिला का शव, 3 साल के मासूम को लेकर पति-ससुर फरार
पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज
गोरौल थाना पुलिस और महुआ एसडीपीओ संजीव कुमार मामले को गंभीरता से देखते हुए, दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़िता को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर एक नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
महुआ एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि पीड़िता के बयान पर प्राथमिक दर्ज कर ली गई है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है, उन्हें जल्दी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।