पटना पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, हथियार बनाने के सामान के साथ 8 अपराधी गिरफ्तार

पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पूर्वी क्षेत्र में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़। SSP कार्तिकेय शर्मा के नेतृत्व में 8 अपराधी गिरफ्तार, भारी मात्रा में पिस्टल और कारतूस बरामद।

पटना पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, हथियार बनाने के सामान के साथ 8 अपराधी गिरफ्तार

Updated May 02 2026 08:17 PM

Editor: Panthalassa Team | Location: Patna, Bihar, India

बिहार की राजधानी पटना में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय के शर्मा और नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार के नेतृत्व में चलाए अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्र से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आठ आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। 


हथियारों का जखीरा और मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा

नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि यह छापेमारी पूर्वी क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्र में की गई थी। पुलिस ने मालसलामी, खाजेकला और गौरीचक थाना क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया था। बिहार पुलिस की टीम ने इस मौके पर निम्नलिखित सामान बरामद किया है: 

  • 02 पिस्टल
  • 04 देशी कट्टा
  • 17 जिंदा कारतूस
  • 10 कट्टा निर्माण में प्रयुक्त बैरल

विशेष अभियान के तहत हुई गिरफ्तारी 

SSP कार्तिकेय के शर्मा के निर्देश पर पटना के पूर्वी क्षेत्र में अवैध हथियारों के सिंडिकेट को खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था। इसी कड़ी में आज हुई कार्रवाई में 8 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार बरामद किए गए बैरल इस बात का सबूत देते हैं कि इलाकों में अवैध हथियार बनाने का भी काम किया जा रहा था।

नगर SP परिचय कुमार ने स्पष्ट किया कि गिरफ्तार किए गए सभी अभियुक्तों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि अवैध रूप से निर्मित हथियारों की सप्लाई कहाँ होने वाली थी और इस नेटवर्क के पीछे कौन-कौन से मुख्य अपराधी शामिल हैं।