औरंगाबाद सड़क हादसा: बोधगया से काशी जा रही बस और ट्रक में भीषण टक्कर, 3 की मौत
Aurangabad Road Accident: औरंगाबाद में एनएच-19 पर पर्यटक बस और ट्रक की टक्कर में आंध्र प्रदेश के 3 श्रद्धालुओं की मौत। हादसे में 12 से अधिक घायल। पूरी ख़बर पढ़ें।
Updated Jun 08 2026 10:26 AM
Editor: Panthalassa Team | Location: Aurangabad (Bihar), Bihar, India
Bihar News: बिहार के औरंगाबाद जिले में रविवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में आंध्र प्रदेश के 3 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई और 12 से अधिक यात्री घायल हैं, जिनमें से पांच की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। सभी मृतक और घायल आंध्र प्रदेश के रहने वाले हैं, जो बोधगया में दर्शन के बाद बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए वाराणसी जा रहे थे।
देर रात 1:30 बजे हुआ हादसा
यह दर्दनाक हादसा एनएच-19 पर पर्यटक बस और तेज रफ्तार ट्रक के बीच मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत देव मोड़ और भेड़िया गांव के भवानी होटल के पास हुआ। बस में सवार यात्रियों के मुताबिक, रात के करीब 1:30 बजे सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने पर्यटक बस में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। आशंका जताई जा रही है कि ट्रक चालक को नींद की झपकी आ गई थी, जिसके कारण उसने संतुलन खो दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
यह भी पढ़े: औरंगाबाद में सीमेंट फैक्टरी बनी मुसीबत! धूल, बीमारी और पानी संकट से जूझ रहे ग्रामीण
घायलों को गया रेफर किया गया
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन तुरंत घटनास्थल पर पहुंची, जहां स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और तुरंत औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना में 12 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से पांच यात्रियों की हालत बेहद नाजुक होने के कारण बेहतर इलाज के लिए गया रेफर किया गया है। पुलिस मृतकों के शव को कब्जे में लेकर उनकी पहचान करने में जुटी है।
इस हादसे की गंभीरता को देखते हुए औरंगाबाद जिले के डीएम और एसपी खुद सदर अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल-चाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर से बेहतर इलाज करने के लिए सख्त निर्देश दिए, साथ ही क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को हाईवे से हटाकर यातायात चालू कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।