औरंगाबाद में ऑटो-क्रेटा की भीषण टक्कर में 2 मजदूरों की मौत, 8 घायल
Bihar Road Accident News: औरंगाबाद में रविवार देर शाम क्रेटा कार और ऑटो की भीषण टक्कर में दो मजदूरों की मौत हो गई और 8 लोग घायल हैं।
Updated Jun 08 2026 01:14 PM
Editor: Panthalassa Team | Location: Aurangabad (Bihar), Bihar, India
बिहार के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र में रविवार की शाम तेज रफ्तार क्रेटा कार और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हुई। इस हादसे में ऑटो पर सवार दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मजदूरी कर घर लौट रहे थे मृतक
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों मृतक दिनभर मजदूरी का काम खत्म कर ऑटो से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेजपुरा लख के पास सामने से आ रही अनियंत्रित तेज रफ्तार क्रेटा कार ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतक की पहचान भेतौलिया गांव के रहने वाले मुकुल पासवान और उमेश पासवान के रूप में हुई है।
यह भी पढ़े: मोसरमा मेले से लौट रही कार और ट्रैक्टर में भीषण टक्कर, 3 की मौत
घायलों में दो की हालत नाजुक
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को दाउदनगर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों द्वारा इलाज जारी है। लेकिन दो लोगों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है, स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें जल्द हायर सेंटर रेफर किया जा सकता है।
पुलिस ने कार की जब्त
इस घटना की सूचना मिलते ही दाउदनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त क्रेटा कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है, हालांकि घटना के तुरंत बाद ही कार चालक मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस मामले दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।