बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा, मधेपुरा के 3 थाना प्रभारियों समेत 4 की मौत

Begusarai Road Accident: बेगूसराय NH-31 पर भीषण सड़क हादसा। पटना से ट्रेनिंग कर लौट रहे मधेपुरा के 3 थानाध्यक्षों और चालक की दर्दनाक मौत।

बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा, मधेपुरा के 3 थाना प्रभारियों समेत 4 की मौत

Updated Jun 12 2026 04:40 PM

Editor: Panthalassa Team | Location: Begusarai, Bihar, India

बिहार के बेगूसराय जिले से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां नेशनल हाईवे 31 पर मधेपुरा जिले के तीन थाना प्रभारी समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस दुर्घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे और इलाके में शोक का माहौल है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी जताया गहरा दुख। 


ट्रेनिंग पूरी कर लौट रहे थे अधिकारी

एकदिवसीय सरकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ये तीनों पुलिस अधिकारी पटना गए थे और ट्रेनिंग खत्म होने के बाद सभी सरकारी गाड़ी से वापस मधेपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित हो गई और सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। यह घटना बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा के पास घटी है।

Ads


मृतकों की पहचान

इस हादसे में दो अधिकारी और ड्राइवर की मौत मौके पर ही हो गई, लेकिन एक अधिकारी की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। मृतकों की पहचान बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार (निवासी: डिहुरी, गया), अरार थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमर (निवासी: मनिहारी, कटिहार), रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान (निवासी: मोहनिया, कैमूर), और सरकारी वाहन चालक ज्योति (निवासी: अमरपट्टी, मधेपुरा) के रूप में हुई है।


अनियंत्रित होना बना कारण

बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार और सदर डीएसपी आनंद पांडेय को इस घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद वे अपने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी मनीष कुमार ने शुरुआती जांच में बताया कि दुर्घटना का मुख्य कारण वाहन की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होना सामने आ रहा है, लेकिन मामले की पूरी गहन तरीके से जांच की जा रही है।

Ads


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जताया दुख

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर शोक जताते हुए लिखा कि, "बेगूसराय में हुए भीषण सड़क हादसे में तीन थाना प्रभारियों एवं वाहन चालक के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। इस दुख की घड़ी में बिहार सरकार सभी मृतक के परिवार के साथ खड़ी है।