राजभवन मार्च के दौरान लाठीचार्ज, पीछे हटे तो नौकरी के लायक नहीं छोड़ूंगा, SP ने पुलिसकर्मियों को दी सख्त चेतावनी
Patna Student Protest: पटना में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर छात्रों का उग्र प्रदर्शन। बीजेपी विधायक के काफिले पर पथराव। SP संकेत कुमार की चेतावनी का वीडियो वायरल।
Updated Jul 23 2026 09:04 AM
Editor: Panthalassa Team | Location: Patna, Bihar, India
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में हुए छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ 22 जुलाई को पटना की सड़कों पर छात्रों का भारी आक्रोश देखने को मिला। छात्रों द्वारा राजभवन मार्च और सीएम आवास घेराव के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हुई, जिसमें पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले, वाटर कैनन और लाठीचार्ज का सहारा लिया।
पीछे हटे तो नौकरी लायक नहीं छोडूंगा
प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधीक्षक एसपी संकेत कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह लाठीचार्ज से ठीक पहले पुलिसकर्मियों को बेहद सख्त लहजे में निर्देश देते हुए कहा कि “पीछे हटे तो नौकरी करने लायक नहीं छोडूंगा”। इसके बाद पुलिस अधीक्षक की अगुवाई में पुलिस बल भीड़ की तरफ दौड़ पड़े।
यह भी पढ़े: खान सर के 'जीजा' वाले बयान पर बवाल, BJP विधायक बोले– 'बाप-मां सब जीजा हो गए क्या?'
गांधी मैदान से सीएम आवास तक हंगामा
छात्रों का यह प्रदर्शन गांधी मैदान के पास से जेपी गोलंबर से शुरू होकर राजभवन और मुख्यमंत्री आवास तक पहुंच गया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की, तो पुलिस ने आंसू गैस और वाटर कैनन का उपयोग किया गया, जिसके बाद भी छात्र पीछे नहीं हटे। इस झड़प में गांधी मैदान के थाना प्रभारी का सिर फट गया, इसके बाद पुलिस छात्रों पर जमकर लाठियां भांजी।
विधायक और पुलिस गाड़ियों पर हमला
प्रदर्शन के दौरान हिंसा भी देखने को मिली। भागलपुर के भाजपा विधायक रोहित पांडे के काफिले पर भी पथराव किया गया, जिसमें वह चोटिल हो गए। इसके अलावा पटना आईजी की एस्कॉर्ट गाड़ी पर भी हमला किया गया। वहीं छात्रों ने कई जगहों पर डीएम और एसपी के सामने ताली बजाकर अनोखे अंदाज में अपना विरोध जताया।