Deo-Amba Road Accident: जीवाबिगहा मोड़ के पास दो मोपेड की आमने-सामने भिड़ंत, बरियावां निवासी वृद्ध की मौत
औरंगाबाद के जीवाबिगहा मोड़ पर दो मोपेड की टक्कर में बरियावां निवासी बृजमोहन प्रजापति की मौत। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी।
Updated Nov 29 2026 09:02 AM
Editor: Panthalassa Team | Location: Deo, Aurangabad (Bihar), Bihar, India
अंबा/देव (औरंगाबाद): देव अंबा मुख्य सड़क SH101 पर जीवाबिगहा मोड़ के समीप शनिवार को दो मोपेड बाइक के आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान अंबा थाना क्षेत्र के बरियावां गांव के निवासी बृजमोहन प्रजापति के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बृजमोहन प्रजापति घर के राशन और अन्य जरूरी सामान खरीदने के लिए चट्टी बाजार गए हुए थे, जिसके बाद खरीदारी कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान, जीवाबिगहा मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक अन्य मोपेड में उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मारी दी।
इस सड़क हादसे में बृजमोहन प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। टक्कर के तुरंत बाद ही दूसरा मोपेड चालक अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेजा और उसके बाद परिजनों को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि बृजमोहन खेती किसानी के साथ-साथ मिट्टी के बर्तन बनाकर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। अचानक उनकी मौत हो जाने से परिवार में दुखों का पहाड़ टूट गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। फिलहाल, पुलिस मोपेड चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है।