लोन का झांसा देकर महिला का यौन शोषण, माइक्रोफाइनेंस कंपनी का ब्रांच मैनेजर गिरफ्तार
East Champaran News: पूर्वी चंपारण में लोन दिलाने का झांसा देकर महिला के यौन शोषण का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए माइक्रोफाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर को किया गिरफ्तार।
Updated Jul 06 2026 11:25 AM
Editor: Panthalassa Team | Location: East Champaran (Motihari), Bihar, India
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले का ढाका थाना क्षेत्र में एक शाखा प्रबंधक ने लोन दिलाने का झांसा देकर एक विवाहिता का कथित तौर पर लंबे समय तक यौन शोषण करता रहा। पीड़िता के बयान के आधार पर ढाका पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शाखा प्रबंधन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की गहनता से जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चकिया थाना क्षेत्र के बाजार गांव निवासी सन्नी कुमार के रूप में हुई है।
लोन स्वीकृत कराने के नाम पर किया शारीरिक शोषण
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी सन्नी, ढाका बड़ी बाजार स्थित एक माइक्रोफाइनेंस कंपनी की शाखा में शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत था। पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गई लिखित शिकायत के आधार पर कुछ महीने पहले वह लोन लेने के लिए उस कंपनी में गई थी, लेकिन इस दौरान आरोपी ने लोन स्वीकृत कराने का भरोसा दिलाकर उसे अपने प्रभाव में ले लिया और लगातार शारीरिक शोषण करता रहा।
यह भी पढ़े: अरवल में देह व्यापार के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश, 25 से अधिक युवतियां और नाबालिग मुक्त
पीड़िता ने दर्ज कराई प्राथमिकी
महिला ने बताया कि बार-बार लोन दिलाने का आश्वासन दिए जाने के बाद भी उसे लोन नहीं मिला। जब उसे अपने साथ हुए शोषण का एहसास हुआ, तो उसने ढाका थाने में न्याय की गुहार लगाई और पुलिस को शिकायत दी, जहां पुलिस मामले को गंभीरता से देखते हुए प्राथमिकी दर्ज की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
वैज्ञानिक साक्ष्यों के लिए कपड़े किए गए जब्त
डीएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि विवाहिता के आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, ढाका थानाध्यक्ष रामरूप राय ने जानकारी दी कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
मामले की वैज्ञानिक और कानूनी जांच को मजबूत करने के लिए पुलिस ने पीड़िता और आरोपी दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के उद्देश्य से दोनों के कपड़े भी जब्त किए गए। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्य के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।