दिल्ली में शर्मनाक वारदात: नाबालिग से नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म, विरोध करने पर मारा चाकू
Delhi Crime News: किशोरी को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और विरोध पर चाकू मारने का मामला सामने आया है। लापरवाही के आरोप में जहांगीरपुरी SHO को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।
Updated Jul 05 2026 06:15 AM
Editor: Panthalassa Team | Location: Delhi, India
भारत की राजधानी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में एक मासूम किशोरी को नशीला पेय पदार्थ पिलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया, जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे चाकू से हमला कर लहूलुहान कर दिया। इस मामले में जहांगीरपुरी थाना प्रभारी (SHO) को लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।
दोस्त बनकर जाल में फंसाया
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता कुछ समय से अपने परिवार से अलग होकर अपनी सहेलियों के साथ रह रही थी लेकिन कुछ विवाद के कारण वह करीब 10 दिन पहले से आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के पास बाहर सो रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक युवती से हुई और बातों-बातों में दोनों की दोस्ती गहरी हो गई, जिसके बाद युवती पीड़िता को जहांगीरपुरी स्थित अपने घर ले आई। गुरुवार को युवती ने किशोरी की दो लड़कों से मुलाकात कराई और नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
यह भी पढ़े: सिवान में शादी का झांसा देकर महिला से बनाया शारीरिक संबंध, पुलिस ने तीन पर दर्ज की FIR
पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही
पीड़िता जब होश में आई तो वह अपनी जान बचाकर शुक्रवार को आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन पहुंची और इसकी सूचना पुलिस को दी लेकिन आदर्श नगर और जहांगीरपुरी थाने की पुलिस इतना गंभीर मामला होने के बावजूद भी काफी देर तक सीमा विवाद में उलझी रही। उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद, लगभग 24 घंटे बाद पोक्सो (POCSO) सहित अन्य गंभीर धाराओं के साथ जहांगीरपुरी थाने में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस की कार्रवाई
उत्तर-पश्चिम दिल्ली जिले की पुलिस उपायुक्त (DCP) आकांक्षा यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है और आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पीड़िता को इलाज के बाद बख्तावरपुर स्थित सेंटर होम भेज दिया गया है, जहां उसकी काउंसलिंग की जा रही है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।